वैशाली : जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026 को महुआ प्रखंड स्थित गांधी मैदान स्टेडियम में एक दिवसीय रोजगार–सह–मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा जिलाधिकारी वैशाली के मार्गदर्शन में कराया जा रहा है।
मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित होगा। इस मेले में कुल 29 नियोजक कंपनियाँ भाग लेंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। प्रमुख कंपनियों में Britannia Industries, Flipkart, Avon Cycles Limited, Anmol Industries, SIS Limited सहित अन्य प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय कंपनियाँ शामिल होंगी। ये कंपनियाँ उत्पादन, लॉजिस्टिक्स, सेल्स, सिक्योरिटी, मैन्युफैक्चरिंग एवं अन्य तकनीकी व गैर-तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं का चयन करेंगी।
मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, जिससे अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा के साथ उपस्थित होने की सलाह दी गई है। चयन की प्रक्रिया कंपनियों द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू अथवा लिखित परीक्षा के माध्यम से की जाएगी।
मेले से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 06224-467006 पर संपर्क किया जा सकता है।
रोजगार अवसरों के अतिरिक्त, मेले में युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। एनसीएस (राष्ट्रीय करियर सेवा) पोर्टल पर निबंधन, टूल किट एवं स्टडी किट से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही डीआरसीसी, जिला उद्योग केंद्र एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
जिलाधिकारी वैशाली के निर्देशन में संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि मेले का आयोजन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं युवाओं के लिए पूर्णतः सुविधाजनक हो। प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक अभ्यर्थियों की सहभागिता के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है। जिला प्रशासन, वैशाली का उद्देश्य है कि जिले के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाया जाए।





